बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश से पूरा देश ठिठुर गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों पर साल का सबसे भारी हिमपात हुआ।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 8 इंच, गांदरबल में 7 इंच, सोनमर्ग में 8 इंच बर्फ गिरी। वहीं, पहलगाम में 18 इंच बर्फ गिरी।
श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद हो गया है। यहां करीब 1200 से ज्यादा गाड़ियां फंसी हुई हैं। खराब मौसम के कारण रविवार को लगातार दूसरे दिन श्रीनगर एयरपोर्ट बंद है। रेलवे यातायात भी बाधित हुआ है।
उधर, हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात बर्फीला तूफान चला। 24 घंटे में रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोल पर 3 फीट से ज्यादा बर्फ जम चुकी है। अटल टनल पर आवाजाही बंद कर दी गई है।
दूसरी ओर, राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हुई। दिल्ली में शनिवार सुबह तक एक दिन में 41.2 मिमी बारिश हुई। यह दिसंबर में 101 साल में एक दिन में होने वाली सर्वाधिक बारिश है।
मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में तेज बारिश और ओले गिरे। भोपाल में शनिवार को हुई 17mm (पौन इंच) बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया। यह 5 साल बाद दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है।
